नमामि गंगे घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ अंतिम संस्कार, यूपी और उत्तराखंड के कई वरिष्ठ नेता, मंत्री एवं संत-महात्मा रहे मौजूद
हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शनिवार को हरिद्वार स्थित नमामि गंगे घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूर्ण विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। स्वर्गीय सावित्री देवी के छोटे पुत्र महेंद्र बिष्ट ने उन्हें मुखाग्नि दी।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नमामि गंगे घाट पहुंचकर स्वर्गीय सावित्री देवी के अंतिम दर्शन किए और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन जीवन की अमूल्य धरोहर है। श्रीमती सावित्री देवी का निधन उनके परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बाबा केदार से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
कई राज्यों के वरिष्ठ नेताओं और संत-महात्माओं ने दी श्रद्धांजलि
अंतिम संस्कार में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक एवं केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, बृजेश सिंह, केपी मलिक, दयाशंकर मिश्र दयालु, राज्यमंत्री दिनेश खटीक, सुनील कुमार शर्मा, दिनेश प्रताप सिंह, जसवंत सिंह सैनी, गुलाब देवी, धर्मपाल सिंह, जयवीर सिंह और बलदेव सिंह औलख सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस अवसर पर हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, गोरखपुर सांसद रवि किशन, सुरेंद्र दिलेर सहित उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, मदन कौशिक और प्रदीप बत्रा ने भी अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल भी उपस्थित रहे।
धार्मिक एवं आध्यात्मिक जगत से योग गुरु स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी, स्वामी चिदानंद सरस्वती, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरि, आचार्य प्रमोद कृष्णम, श्रीमहंत रूपेंद्र प्रकाश, बाबा हठयोगी, स्वामी दर्शन भारती, महंत संजय महाराज, महंत ऋषिश्वरानंद और स्वामी कल्याण देव महाराज सहित अनेक संत-महात्माओं ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
प्रशासनिक अधिकारी भी रहे मौजूद
अंतिम संस्कार के दौरान उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद वर्धन, एडीजी एपी अंशुमान, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, कुंभ मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर सहित अनेक वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
नमामि गंगे घाट पर आयोजित अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं ने पहुंचकर स्वर्गीय सावित्री देवी को अंतिम विदाई दी।
