देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, सड़क एवं संपर्क मार्गों के निर्माण, पेयजल सुविधाओं के विस्तार और कुंभ मेला-2027 की तैयारियों से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए करोड़ों रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया है। स्वीकृत प्रस्तावों में समग्र शिक्षा के तहत वेतन-भत्तों के लिए 445.92 करोड़ रुपये, हरिद्वार में कांगड़ा घाट के विस्तारीकरण के लिए 8.43 करोड़ रुपये और कुंभ मेले के लिए फर्नीचर एवं सजावटी कपड़ों की व्यवस्था पर 14.57 करोड़ रुपये के कार्य प्रमुख हैं।

समग्र शिक्षा के लिए 445.92 करोड़ रुपये स्वीकृत
मुख्यमंत्री ने माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधीन संचालित समग्र शिक्षा योजना के अंतर्गत माध्यमिक एवं प्रारंभिक विद्यालयों तथा शिक्षक शिक्षा की स्थापना से संबंधित वेतन-भत्तों आदि के भुगतान के लिए अवशेष 445.92 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया है।
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को मिलेगी गति
हरिद्वार जनपद के बहादराबाद विकासखंड में गंगा नहर के दायीं ओर स्थित कांगड़ा घाट के विस्तारीकरण के लिए 8.43 करोड़ रुपये की स्वीकृति को मंजूरी दी गई है। इसके अतिरिक्त कुंभ मेला-2027 के लिए किराये के आधार पर फर्नीचर और सजावटी कपड़ों की व्यवस्था से संबंधित 14.57 करोड़ रुपये की लागत वाले कार्य को भी अनुमोदन प्रदान किया गया है। इस कार्य की लागत की संस्तुति व्यय वित्त समिति द्वारा की गई थी।
विभिन्न जिलों में सड़क निर्माण और सुधारीकरण के कार्य
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सड़क निर्माण, सुधारीकरण एवं डामरीकरण से जुड़े कार्यों के लिए भी धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया है।
- टिहरी गढ़वाल: देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के कीर्तिनगर विकासखंड में जखेड़ से सुमाड़ी-कपरोली तक मोटर मार्ग के नव निर्माण के लिए 2.04 करोड़ रुपये।
- पिथौरागढ़: गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र में गणाई-बनकोट मोटर मार्ग से भट्टीगांव-तारसिमोली मोटर मार्ग के विस्तार, सुधारीकरण एवं डामरीकरण के लिए 4.09 करोड़ रुपये।
- देहरादून: चकराता विधानसभा क्षेत्र के कालसी विकासखंड में उद्पाल्टा-उपरौली मोटर मार्ग के अनुरक्षण के लिए 1.91 करोड़ रुपये।
- नैनीताल: भीमताल विधानसभा क्षेत्र में कसियालेख-हरिनगर-अक्सोड़ा मोटर मार्ग के किमी 1 से 8 तक सुधारीकरण एवं पीसी द्वारा डामरीकरण के लिए 3.82 करोड़ रुपये।
- ऊधम सिंह नगर: खटीमा विधानसभा क्षेत्र के प्रतापपुर में खाद गोदाम से तलवार फार्म होते हुए वकील फार्म तक छह किलोमीटर हॉटमिक्स सड़क निर्माण के लिए 3.84 करोड़ रुपये।
- पिथौरागढ़: डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र के कनालीछीना विकासखंड में ओझातल्ला के ढुंगालगांव से ओझातल्ला तक 1.5 किलोमीटर सीसी संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए 61.39 लाख रुपये।
- चम्पावत: लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र के बाराकोट ब्लॉक में लोहाघाट-बाराकोट-सिमलखेत-काफलीखान-भनोली राष्ट्रीय राजमार्ग-57 के निर्धारित हिस्सों में सुधारीकरण एवं डामरीकरण के लिए 4.94 करोड़ रुपये।
- ऊधम सिंह नगर: सितारगंज विधानसभा क्षेत्र के सुरेंद्रनगर में हर्षित विश्वास के घर से किंचून मंडल के घर की ओर जाने वाले मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए 87.94 लाख रुपये।
हेलीपैड निर्माण और अन्य विकास कार्यों को भी मंजूरी
मुख्यमंत्री ने पौड़ी गढ़वाल के लैंसडौन विधानसभा क्षेत्र के रिखणीखाल विकासखंड में लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह के समीप हेलीपैड निर्माण के लिए 13.50 लाख रुपये स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन दिया है। वहीं, नैनीताल विधानसभा क्षेत्र के डौन परेवा में हेलीपैड निर्माण के लिए 8.30 लाख रुपये की धनराशि को भी मंजूरी दी गई है।
चम्पावत जनपद के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र के मूलाकोट ग्राम पंचायत के डचूड़ा बाजार में राजकीय इंटर कॉलेज मूलाकोट तक दीवार सहित 1,000 मीटर इंटरलॉकिंग टाइल्स के निर्माण के लिए 46.46 लाख रुपये स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
मसूरी में पेयजल व्यवस्था के लिए 3.07 करोड़ रुपये
देहरादून जनपद के मसूरी विधानसभा क्षेत्र के कैंट क्षेत्र में जोन संख्या-5 के अंतर्गत एक नलकूप, पंप हाउस, राइजिंग मेन तथा अन्य संबंधित कार्यों के लिए 3.07 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन दिया गया है।
प्रतापनगर में मंदिर परिसर का होगा विकास
टिहरी गढ़वाल के प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में हुणेश्वर महादेव मंदिर के निकट धर्मशाला, कक्षों एवं शौचालयों के निर्माण तथा सौंदर्यीकरण के लिए 98.77 लाख रुपये की स्वीकृति को भी मुख्यमंत्री ने अनुमोदन प्रदान किया है।
इन स्वीकृतियों के माध्यम से प्रदेश में शिक्षा संबंधी व्यय, सड़क कनेक्टिविटी, पेयजल सुविधाओं, धार्मिक स्थलों के विकास और कुंभ मेला-2027 की तैयारियों से जुड़े विभिन्न कार्यों को आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त होगा।
