देहरादून कलेक्ट्रेट में पं. गोविंद बल्लभ पंत के चित्र पर पुष्प अर्पित करते जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान`
देहरादून। भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती के अवसर पर देहरादून कलेक्ट्रेट परिसर में भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिला प्रशासन के सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने पंत जी के स्वतंत्रता संग्राम, सामाजिक उत्थान और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा, “पं. गोविंद बल्लभ पंत बहुआयामी प्रतिभा के धनी थे। वे एक प्रखर चिंतक, दूरदर्शी और कुशल राजनेता थे। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ लड़ाई में अहम भूमिका निभाई और आजादी के बाद देश को एक नई दिशा दी। उनके आदर्श आज भी हम सभी के लिए प्रेरणा हैं।”

जनसेवा ही सच्ची श्रद्धांजलि है – DM
DM आशीष चौहान ने कहा कि पं. पंत के आदर्शों को आत्मसात कर हमें जनसेवा के दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी कार्यालय जनता की सेवा का सबसे बड़ा केंद्र है। शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और जनता की समस्याओं को शासन तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है।
उन्होंने सभी अधिकारियों से आह्वान किया कि वे जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और अपने कार्यों में पारदर्शिता और संवेदनशीलता लाएं। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के बारे में बताना हम सबकी जिम्मेदारी है।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी स्मृता परमार, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, एसडीएम रविन्द्र ज्वांठा सहित कलेक्ट्रेट के समस्त अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
