रूद्रप्रयाग। ऋषिकेश–बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। रैतोली स्थित पेट्रोल पंप के समीप एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा, जिससे ट्रक चालक की मौके पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस नियंत्रण कक्ष रूद्रप्रयाग को शनिवान शाम करीब 7:30 बजे सूचना प्राप्त हुई कि वाहन संख्या यूके-14-सीए-3347 ऋषिकेश से रूद्रप्रयाग की ओर सामान लेकर आ रहा था। इसी दौरान रैतोली पेट्रोल पंप के पास ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। वाहन में केवल चालक ही सवार था।
सूचना मिलते ही पुलिस व राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू टीम द्वारा चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। मृतक के शव को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के उपरांत 108 एंबुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय रूद्रप्रयाग भेजा गया।अंधेरा अधिक होने के कारण खाई में खोज एवं बचाव कार्य में बाधा उत्पन्न हुई, जिसके चलते रेस्क्यू ऑपरेशन को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। प्रशासन के अनुसार खोज एवं बचाव कार्य रविवार प्रातः पुनः शुरू किया जाएगा। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
