उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन ने हरिद्वार में कुंभ मेला 2027 की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को धरातल पर परखने के लिए उत्तराखंड शासन के मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन गुरुवार को हरिद्वार पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के साथ विभिन्न निर्माण स्थलों का गहन स्थलीय निरीक्षण किया।
मुख्य सचिव ने अरबेनिया वाहन से रोड़ी-बेलवाला, रोशनाबाद, कनखल, दक्षद्वीप, बैरागी कैंप और सीसीआर टावर क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी ली।
*गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं*
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला 2027 में करोड़ों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है, इसलिए सभी स्थाई और अस्थाई निर्माण मजबूत और टिकाऊ होने चाहिए।
उन्होंने रोड़ी-बेलवाला प्रशासनिक मार्ग, हरकी पैड़ी पुनर्विकास परियोजना, घाटों के सौंदर्यीकरण, ऋषिकुल क्षेत्र में सड़क नवीनीकरण, चौराहों एवं पैदल मार्गों के विकास कार्यों का जायजा लिया।
*60 मीटर पुल और CCR टावर का निरीक्षण*
मुख्य सचिव ने रोशनाबाद स्थित ड्रग वेयरहाउस तथा दक्षद्वीप-बैरागी क्षेत्र में निर्माणाधीन 60 मीटर स्पान पुल का भी निरीक्षण किया। यह पुल कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभाएगा। इसके अलावा उन्होंने सीसीआर-2 भवन का कार्य कुंभ शुरू होने से पहले पूरा करने के लिए दिन-रात काम कराने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि 220 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से हरिद्वार में कुंभ से जुड़े कई प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है।
मुख्य सचिव के साथ जिलाधिकारी, मेलाधिकारी और लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
