देहरादून में 25 जुलाई को होगी ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’, शौर्य दिवस पर कारगिल वीरों को दी जाएगी श्रद्धांजलि

 

 

 

देहरादून। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर इस वर्ष भी 26 जुलाई को ‘शौर्य दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इसके तहत एक दिन पहले 25 जुलाई (शनिवार) को देहरादून में ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता तथा भारतीय सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना है।

 

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि कारगिल के अमर शहीदों की स्मृति में आयोजित इस रन में ओपन पुरुष एवं महिला वर्ग, विद्यालय और महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं, पूर्व सैनिक, वीर नारियां, शहीद आश्रित, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, दिव्यांगजन तथा वरिष्ठ नागरिक भाग ले सकेंगे।

कार्यक्रम के तहत 25 जुलाई को सुबह 7 बजे शौर्य स्थल, चीड़बाग में प्रतिभागियों का पंजीकरण होगा, जहां उन्हें ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ की विशेष टी-शर्ट और कैप वितरित की जाएगी। सुबह 7:45 बजे कारगिल शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी, जबकि 8 बजे मुख्य अतिथि हरी झंडी दिखाकर रन का शुभारंभ करेंगे। यह रन शौर्य स्थल, चीड़बाग से राजपुर रोड होते हुए गांधी पार्क तक पहुंचेगी, जहां सुबह 9:30 बजे इसका समापन होगा।

 

दौड़ की विभिन्न श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 26 जुलाई को आयोजित शौर्य दिवस के मुख्य समारोह में सैनिक कल्याण विभाग द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

 

जिला प्रशासन ने पूर्व सैनिकों, एनसीसी कैडेट्स, छात्र-छात्राओं, पुलिस एवं सुरक्षा बलों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों, युवा संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर कारगिल के अमर वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *