देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत देहरादून जिले में जनसमस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने का अभियान प्रभावी साबित हुआ है। 4 जुलाई से 23 जुलाई तक आयोजित शिविरों में 44,735 लोगों ने भाग लिया, जबकि 568 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सुशासन को जनता तक पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मानसून के कारण जिन क्षेत्रों में शिविर आयोजित नहीं हो सके, वहां बारिश के बाद विशेष जन शिविर लगाए जाएंगे। साथ ही जिले के दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
जिले के सभी विकासखंडों में आयोजित शिविरों के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं दो शिविरों में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर समाधान कराया। इससे ग्रामीणों का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हुआ।

अभियान के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से 14,500 से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। वहीं, प्रमाण पत्र एवं अन्य सेवाओं के लिए 560 आवेदन प्राप्त हुए।
शिविरों में कुल 848 शिकायतें और जनसमस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 568 का तत्काल निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की यह पहल सरकार और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही है।
