हरिद्वार |
7 मार्च, 2026 को प्रस्तावित केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के हरिद्वार दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को पुष्कर सिंह धामी ने बैरागी कैंप, हरिद्वार में कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने मंच, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन सहित सभी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाएं।

सीएम धामी ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री का उत्तराखण्ड आगमन राज्य के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश देते हुए पुलिस और प्रशासन को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।
उन्होंने आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, चिकित्सा सुविधा, आपातकालीन सेवाओं और अग्निशमन व्यवस्था को पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए। साथ ही शहर में जाम की स्थिति से बचने के लिए यातायात का विस्तृत प्लान तैयार करने को कहा, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त गढ़वाल, जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम की तैयारियों और यातायात व्यवस्था की जानकारी दी। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
