54 आपदा मित्र बने राहत-बचाव के प्रशिक्षित साथी, SDRF का 12 दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

 

देहरादून। आपदा की स्थिति में स्थानीय स्तर पर त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों को मजबूत बनाने की दिशा में एसडीआरएफ ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जॉलीग्रांट स्थित एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय में हरिद्वार जनपद के 54 आपदा मित्रों को 12 दिवसीय आपदा प्रबंधन का मूलभूत प्रशिक्षण सफलतापूर्वक प्रदान किया गया। 22 जून से शुरू हुआ यह प्रशिक्षण गुरुवार को समापन समारोह के साथ संपन्न हुआ।

 

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं की सैद्धांतिक जानकारी के साथ व्यवहारिक अभ्यास भी कराया गया। इसमें मेडिकल फर्स्ट रेस्पांडर, बाढ़ बचाव (फ्लड रेस्क्यू), सर्च एंड रेस्क्यू, केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल एवं न्यूक्लियर (CBRN) आपदाओं से निपटने की तकनीक तथा ध्वस्त भवनों में खोज एवं बचाव (CSSR) जैसे विषय शामिल रहे।

समापन समारोह में एसडीआरएफ के सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने कहा कि किसी भी आपदा के शुरुआती दौर में सबसे पहले स्थानीय नागरिक ही राहत कार्यों में जुटते हैं। ऐसे में प्रशिक्षित आपदा मित्र प्रारंभिक प्रतिक्रिया को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण केवल तकनीकी दक्षता तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा, समर्पण और मानवीय संवेदनाओं को भी मजबूत करता है।

 

उन्होंने प्रशिक्षित आपदा मित्रों से अपने-अपने क्षेत्रों में आपदा के प्रति जागरूकता फैलाने और आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम के अंत में सभी 54 प्रतिभागियों को प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने पर प्रमाणन एवं शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही राज्य की आपदा प्रबंधन प्रणाली को और अधिक सशक्त बनाने में उनकी सक्रिय भागीदारी की अपेक्षा जताई गई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *