रुद्रप्रयाग। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने परिवार संग केदारनाथ धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की। यहां पहुंचने पर एडीएम श्याम सिंह राणा सहित तीर्थ पुरोहित समाज ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान सीएम ने पुनर्निर्माण कार्यों की जानकारी लेने के साथ ही तीर्थ पुरोहितों से मुलाकात भी की।
शुक्रवार सुबह झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने परिवार के साथ पवित्र तीर्थ स्थल केदारनाथ धाम पहुंचे। मुख्यमंत्री सोरेन का हेलीकॉप्टर सुबह ठीक 8 बजकर 5 मिनट पर केदारनाथ हेलीपैड पर उतरा। मुख्यमंत्री अपने पूरे परिवार के साथ बाबा केदारनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे। मंदिर परिसर में पहुँचकर उन्होंने परिवार संग विधिवत पूजा-अर्चना संपंन की। इस दौरान उन्होंने देश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की और बाबा केदार से आशीर्वाद लिया। केदारनाथ पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर और आस-पास की घाटी में फैले हिमालयी सौंदर्य का भरपूर आनंद लिया। हिमाच्छादित पर्वतों से घिरे इस तीर्थस्थल की दिव्यता और भव्यता ने मुख्यमंत्री और उनके परिवार को अभिभूत कर दिया। सीएम सोरेन ने तीर्थ पुरोहितों से भी मुलाकात की और केदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों की भी जानकारी ली।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने परिवार संग लिया बाबा केदार का आशीर्वाद, धाम की दिव्यता और भव्यता देख अभिभूत हुए सीएम सोरेन,
