देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने राज्य के सभी सरकारी और गैर-सरकारी भवनों में अग्नि सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी सचिवों और जिलाधिकारियों को विशेष रूप से ऊंची इमारतों, अत्यधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, असुरक्षित निकासी मार्ग वाले परिसरों तथा तंग गलियों और पहुंच मार्गों में स्थित भवनों का अनिवार्य रूप से स्थलीय सर्वेक्षण कराने के आदेश दिए हैं।
मुख्य सचिव ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य संभावित अग्नि दुर्घटनाओं की आशंका को समय रहते समाप्त करना और जनसुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जोखिम वाले भवनों और परिसरों की पहचान कर आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल लागू करने के निर्देश दिए।
सभी विभागों में होगा सेफ्टी ऑडिट
मुख्य सचिव ने शासन के सभी सचिवों को अपने-अपने विभागों और संबंधित क्षेत्रों में व्यापक सेफ्टी ऑडिट कराने की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने निर्देश दिए कि सर्वेक्षण और ऑडिट के बाद सभी भवनों में निर्धारित अग्नि सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि अग्नि सुरक्षा नियमों के पालन की नियमित समीक्षा की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही को बर्दाश्त न किया जाए। साथ ही आवश्यक सुधारात्मक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मुख्य सचिव ने कहा कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी संबंधित विभागों को अग्नि सुरक्षा मानकों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समन्वित रूप से कार्य करना होगा।
