हर माह हो बच्चों का वजन, एक माह में बनें आभा और आधार कार्ड: रेखा आर्या

 

देहरादून। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने शुक्रवार को विधानसभा स्थित सभागार में विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आंगनबाड़ी सेवाओं के प्रभावी संचालन के निर्देश दिए।

 

उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों का हर माह वजन किया जाए, ताकि कुपोषित और अतिकुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा सके। साथ ही एफआरएस के माध्यम से वितरित होने वाले पोषाहार का पूरा डेटा ट्रैकर पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने के निर्देश दिए।

 

मंत्री ने सभी जिला कार्यक्रम अधिकारियों को एक माह के भीतर तीन से छह वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों के आभा आईडी और आधार कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा 438 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और 2,773 सहायिकाओं के रिक्त पदों पर जल्द भर्ती पूरी करने को कहा।

 

रेखा आर्या ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि विभागीय योजनाओं के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *