नंदा राजजात की तैयारियों में तेजी, यात्रा मार्गों और सुविधाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश

 

 

चमोली। विश्व प्रसिद्ध **श्री नंदा देवी राजजात यात्रा** के सफल आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को गोपेश्वर स्थित जिला सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में यात्रा से जुड़े विकास कार्यों और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ नंदा देवी राजजात समिति के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

 

मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्गों और पड़ाव स्थलों पर सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, खाद्य सामग्री, पैदल मार्ग, पार्किंग, शौचालय, संचार, स्वच्छता और सुरक्षा जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तय समय के भीतर पूरी की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

 

उन्होंने कर्णप्रयाग–नौती–पैठाणी, नंदानगर–रामणी, थराली–मुंदोली–वाण और ग्वालदम–नंदकेसरी मार्गों सहित सभी पैदल रास्तों के मरम्मत एवं सुधारीकरण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।

 

बैठक में बताया गया कि यात्रा के दौरान स्थानीय लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए रीप (REAP) योजना के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इससे स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक सेवाओं और पर्यटन आधारित गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा ग्रामीणों की आजीविका मजबूत होगी।

 

इस दौरान राजजात समिति के प्रतिनिधियों ने यात्रा मार्ग, आधारभूत सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव भी रखे। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी सुझावों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *