अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ‘साड़ी गौरव मैराथन’ का आयोजन, पारंपरिक परिधान में महिलाओं ने दिखाई ऊर्जा

देहरादून।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के गौरव, सम्मान और सशक्तिकरण को समर्पित “साड़ी गौरव मैराथन” का आयोजन जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय देहरादून द्वारा महिला कल्याण विभाग, उत्तराखंड के तत्वावधान में किया गया। पारंपरिक भारतीय परिधान साड़ी में आयोजित इस विशेष मैराथन में महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लेकर ऊर्जा और आत्मविश्वास का परिचय दिया।

मैराथन की शुरुआत नारी निकेतन चौराहा से हुई, जो दून विश्वविद्यालय रोड पर 2 और 3 किलोमीटर की दूरी तक आयोजित की गई। इस अवसर पर विभिन्न आयु वर्ग की महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में दौड़ लगाकर समाज में महिला शक्ति और सक्रियता का संदेश दिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि गीता खन्ना ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि महिलाएं अपनी संस्कृति और परंपराओं को संजोते हुए हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रही हैं।

मैराथन में जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय, राजकीय नारी निकेतन, राजकीय बाल देखरेख संस्थाओं तथा निदेशालय महिला कल्याण के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ आम महिलाओं ने भी भाग लिया। प्रतियोगिता में 70 से अधिक महिलाओं ने प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता परिणाम:

  • 2 किलोमीटर दौड़: प्रथम – नविता, द्वितीय – रेखा चौहान, तृतीय – मीनू तड़ियाल

  • 3 किलोमीटर दौड़: प्रथम – गीता बहुगुणा, द्वितीय – रियांका, तृतीय – ऋतु

सभी विजेताओं को मुख्य अतिथि द्वारा मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में भाग लेने वाली मानेश्वरी को भी उनके उत्साह और प्रेरणादायक सहभागिता के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि मैराथन का उद्देश्य यह संदेश देना है कि महिलाएं अपनी परंपराओं और संस्कृति को संजोते हुए जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकती हैं। साथ ही महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की भी आवश्यकता है।

कार्यक्रम का आयोजन मुख्य परिवीक्षा अधिकारी अंजना गुप्ता के मार्गदर्शन में जिला प्रोबेशन अधिकारी देहरादून मीना बिष्ट द्वारा किया गया। इस अवसर पर उप मुख्य परिवीक्षा अधिकारी राजीव नयन, विधि अधिकारी समीक्षा शर्मा, कार्यक्रम प्रबंधक प्रीति उपाध्याय, राजकीय नारी निकेतन की अधीक्षिका सोनल राणा सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *