नारी तू नारायणी’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने 38 वरिष्ठ महिलाओं को किया सम्मानित

देहरादून।
पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सेवक सदन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित “नारी तू नारायणी” कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा, समाज सेवा, उद्यमिता, पर्यावरण संरक्षण, कृषि, संस्कृति और जल संरक्षण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली राज्यभर की 38 वरिष्ठ महिलाओं को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने सभी को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज उन महिलाओं का सम्मान हो रहा है जिनके त्याग, संघर्ष, स्नेह और संस्कारों ने परिवार, समाज और राष्ट्र की नींव को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्नेह और आशीर्वाद से पीढ़ियां आगे बढ़ती हैं और समाज निरंतर प्रगति करता है।

उन्होंने कहा कि वरिष्ठ महिलाएं न केवल परिवारों की धुरी हैं, बल्कि संस्कृति, परंपरा और जीवन मूल्यों की संरक्षक भी हैं। उत्तराखंड की मातृशक्ति का योगदान विशेष रूप से प्रेरणादायी है, क्योंकि यहां की महिलाएं परिवार के साथ खेत-खलिहानों की जिम्मेदारी भी संभालती हैं और कठिन परिस्थितियों में भी मजबूती से आगे बढ़ती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वृद्धावस्था पेंशन योजना और विधवा पेंशन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है। इसके साथ ही बुजुर्गों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और विभिन्न जिलों में वृद्धाश्रमों की व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क धार्मिक यात्राओं की सुविधा भी दी जा रही है, ताकि हर वृद्ध माता सम्मान और आत्मसम्मान के साथ जीवन जी सके।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत होती हैं। उन्होंने कहा कि सक्रियता ही जीवन को जीवंत बनाती है और महिला सशक्तिकरण की शुरुआत घर से होकर समाज और देश तक पहुंचती है।

कार्यक्रम में सचिव चंद्रेश कुमार यादव ने बताया कि इस वर्ष महिला दिवस की थीम “Give to Gain” रखी गई है। इस थीम के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु की ऐसी महिलाओं को सम्मानित किया गया है, जो आज भी सक्रिय रहते हुए समाज के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान दे रही हैं।

कार्यक्रम में राज्य के सभी जनपदों से चयनित वरिष्ठ महिलाओं को सम्मानित किया गया। इनमें देहरादून, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चंपावत, पौड़ी गढ़वाल, अल्मोड़ा, उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर, टिहरी गढ़वाल, ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार और पिथौरागढ़ जनपद की महिलाएं शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *