भराड़ीसैंण/चमोली।
भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में 9 मार्च से शुरू होने वाले उत्तराखंड विधानसभा बजट सत्र के दृष्टिगत जनपद पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। इस संबंध में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरूगेशन ने सत्र ड्यूटी में तैनात पुलिस बल की ब्रीफिंग ली।
ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यहां मौजूद पुलिस बल पूर्व में भी कई बार विधानसभा सत्र ड्यूटी का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुका है और इस बार भी पूरी मुस्तैदी, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करना होगा।
विधानसभा गेट ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए गए कि आने-जाने वाले सभी व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की जाए तथा केवल अधिकृत व्यक्तियों और पासधारकों को ही प्रवेश दिया जाए। वहीं बैरियर ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को निर्देशित किया गया कि किसी भी जुलूस, धरना या प्रदर्शन की स्थिति में कोई भी अराजक तत्व बैरियर पार कर विधानसभा परिसर के निकट न पहुंच सके।

इस दौरान पुलिस बल को ड्यूटी के समय संयमित और मर्यादित व्यवहार बनाए रखने, संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा किसी भी असामान्य स्थिति में तुरंत अपने प्रभारी अधिकारी को सूचित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर गौरव कुमार और सुरजीत सिंह पंवार ने भी अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए विधानसभा सत्र के दौरान पूर्ण सतर्कता, अनुशासन और समन्वय के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
विधानसभा सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए व्यापक पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि सत्र का संचालन शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।
