थराली।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर देवाल मुख्य बाजार में आयोजित भिटोली महोत्सव कार्यक्रम में महिला मंगल दलों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। कार्यक्रम में कुमाऊनी झोड़ा, चांचरी, लोकगीत, लोकनृत्य और नाटक की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भूपाल राम टम्टा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने सभी महिलाओं को महिला दिवस की बधाई देते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना की और भिटोली महोत्सव के आयोजन के लिए 1 लाख 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि मां से ही परिवार, समाज, क्षेत्र, देश और विश्व का निर्माण होता है, इसलिए महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं से उनका लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता देवाल के ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत ने की। उन्होंने विधायक सहित सभी अतिथियों और क्षेत्र की महिला मंगल दलों का स्वागत करते हुए कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी स्थानीय लोगों के सहयोग से भिटोली कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस दौरान अतिथियों ने महिलाओं को भिटोली के रूप में साड़ियां भेंट कीं।
