अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ‘नीर नारी शक्ति सम्मान–2026’ का आयोजन, जल संरक्षण में योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मान

देहरादून।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी ऑडिटोरियम में “नीर नारी शक्ति सम्मान–2026” समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जल जीवन मिशन के अंतर्गत राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन तथा जिला जल एवं स्वच्छता मिशन, देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कुसुम कंडवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान पेयजल विभाग में कार्यरत महिला अभियंताओं ने पेयजल क्षेत्र में अपने अनुभव साझा किए। राज्य के विभिन्न जनपदों से आई महिला सदस्यों ने भी जल संरक्षण, स्वच्छता और जल संवर्धन के लिए गांवों में किए जा रहे प्रयासों के अनुभव साझा किए।

समारोह में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जल जीवन मिशन से पहले और वर्तमान में हर घर नल से जल उपलब्ध होने से आए सामाजिक और आर्थिक बदलावों को दर्शाया गया। इसमें बताया गया कि मिशन के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में जलजनित बीमारियों में कमी आई है और महिलाओं व बच्चों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिला है।

कार्यक्रम के दौरान पेयजल एवं स्वच्छता के क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी निभाने वाली ग्राम प्रधानों, जल सखियों, ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समितियों की महिला सदस्यों, पर्यावरण सखियों तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को प्रतीक चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि कुसुम कंडवाल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से जल जीवन मिशन को सफलतापूर्वक धरातल पर लागू किया गया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि अब महिलाओं के कार्यभार में कमी आई है और बच्चों को पढ़ाई के लिए अधिक समय मिल पा रहा है।

इस अवसर पर मिशन निदेशक रोहित मीणा, अधीक्षण अभियंता सुनील तिवारी, अधिशासी अभियंता अनंत सिंह सैनी, अधीक्षण अभियंता मीशा सिन्हा, अधिशासी अभियंता कंचन रावत सहित राज्य और जिला जल एवं स्वच्छता मिशन तथा पेयजल विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *