थराली। विकास खंड नारायणबगड़ के अंतर्गत सिमली से देवार गांव तक सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों के एक शिष्टमंडल ने मंगलवार को लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) थराली के अधिशासी अभियंता से उनके कार्यालय में भेंट की। इस दौरान ग्रामीणों ने स्वीकृत सड़क पर तत्काल सर्वे कराकर निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की। इस संबंध में ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता को एक ज्ञापन भी सौंपा।
शिष्टमंडल ने अधिशासी अभियंता रमेश चंद्र को बताया कि वर्ष 2021 में सरकार द्वारा देवार गांव के लिए लगभग 3 किलोमीटर मोटर सड़क निर्माण की स्वीकृति दी गई थी। नागाड गधेरे से देवार गांव तक प्रस्तावित इस सड़क का सर्वे कार्य लोनिवि द्वारा पूर्व में किया जा चुका है, लेकिन करीब पांच वर्ष बीत जाने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों ने बताया कि देवार गांव स्वतंत्रता संग्राम सेनानी फते सिंह बुटोला का गांव है, इसके बावजूद आज भी सड़क सुविधा से वंचित है। सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीण कई बार लोनिवि कार्यालय के चक्कर काट चुके हैं तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों से लेकर मुख्यमंत्री तक को कई बार ज्ञापन सौंप चुके हैं। निर्माण कार्य शुरू न होने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
इस मौके पर अधिशासी अभियंता रमेश चंद्र ने ग्रामीणों को सड़क निर्माण कार्य शुरू करने के लिए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। वहीं सहायक अभियंता बबिता आर्या ने बताया कि जल्द ही राजस्व विभाग के साथ संयुक्त निरीक्षण कर आगे की कार्यवाही शुरू की जाएगी।
शिष्टमंडल में सिमली की ग्राम प्रधान संजू देवी सहित सुमन देवी, कलावती देवी, रिंकी देवी, मुन्नी देवी, सुशील देवी, गीता देवी, हरेंद्र रावत और महावीर सिंह आदि शामिल रहे।
