नई टिहरी में जिला स्तरीय ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ का आयोजन, 150 से अधिक युवाओं ने लिया हिस्सा

 

नई टिहरी। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और नशा मुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से माई भारत टिहरी गढ़वाल द्वारा सरस्वती विद्या मंदिर में जिला स्तरीय ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से 150 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम की शुरुआत जिला युवा अधिकारी आशीष पंत ने अभियान की प्रस्तावना के साथ की। उन्होंने नशा मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों और युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उन्हें अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर युवाओं की प्रतिभा और रचनात्मकता को मंच प्रदान करने के लिए चित्रकला, काव्य पाठ, रील मेकिंग, समूह नृत्य, समूह गायन, नुक्कड़ नाटक, स्लोगन लेखन तथा भाषण सहित कुल आठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों पर जागरूकता फैलाने और नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।

मुख्य अतिथि वरुणा अग्रवाल ने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक और रचनात्मक गतिविधियों में लगानी चाहिए।

विशिष्ट अतिथि राजेश नौटियाल ने नशे के सामाजिक एवं शारीरिक दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से कला, साहित्य, खेल और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।

कार्यक्रम में बी.डी. कुनियाल, डॉ. शंकर लाल, पी.सी. उनियाल, माई भारत टिहरी गढ़वाल की टीम, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

समापन अवसर पर आठों प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में टिहरी गढ़वाल का प्रतिनिधित्व करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *