रुद्रप्रयाग। सावन सोमवार के अवसर पर विश्वप्रसिद्ध केदारनाथ मंदिर में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत माहौल देखने को मिला। तड़के से ही हजारों श्रद्धालु बाबा केदार के जलाभिषेक और दर्शन के लिए लंबी कतारों में खड़े रहे। कड़ाके की ठंड और रुक-रुककर हो रही बारिश भी शिवभक्तों के उत्साह को कम नहीं कर सकी।
देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे कांवड़ियों ने “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष के साथ बाबा केदार का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।
सावन माह के विशेष महत्व के कारण इन दिनों केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। अब तक 14 लाख 25 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कठिन पैदल यात्रा पूरी कर धाम पहुंच रहे हैं। दुर्गम मार्ग और प्रतिकूल मौसम के बावजूद शिवभक्तों की आस्था अडिग बनी हुई है।
देशभर से आए श्रद्धालुओं ने इसे अपने जीवन का अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव बताया। उनका कहना है कि केदारनाथ धाम की दिव्यता और प्राकृतिक सौंदर्य स्वर्ग जैसी अनुभूति कराता है तथा बाबा के दरबार में पहुंचकर मन को अद्भुत शांति और आत्मिक संतोष प्राप्त होता है।
विनीत पोस्ती ने बताया कि सावन सोमवार पर धाम में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। बड़ी संख्या में भक्त बाबा केदार के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि बदरी-केदार मंदिर समिति और प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा तथा सुचारु दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।
