चमोली।
गौचर मैदान में प्रस्तावित मिनी स्टेडियम के निर्माण को लेकर एक बार फिर सियासत गर्मा गई है। क्षेत्रीय विधायक Anil Nautiyal ने सोमवार को विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह मिनी स्टेडियम पर्वतीय क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवाओं के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में सहायक होगा।
विधायक ने अपने संबोधन में प्रदेश सरकार की युवा सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई और खेल मंत्री Rekha Arya का आभार भी जताया। कार्यक्रम में पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्तवाल, महिला मोर्चा अध्यक्ष पवित्रा बिष्ट, व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल, मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र नेगी सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस ने उठाए पुराने वादों का मुद्दा
भूमि पूजन कार्यक्रम के बाद कांग्रेस ने इस पूरे प्रकरण पर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस नेता मुकेश नेगी का कहना है कि कांग्रेस शासनकाल में ही गौचर मैदान में मिनी स्टेडियम निर्माण के लिए 40 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई थी। उत्तर प्रदेश निर्माण निगम को कार्यदायी संस्था बनाकर मैदान का समतलीकरण और चारदीवारी का निर्माण भी कराया गया था।
उन्होंने बताया कि 7 जनवरी 2022 को तत्कालीन विधायक Surendra Singh Negi ने 44 लाख रुपये की लागत से बनने वाले स्टेडियम की आधारशिला रखी थी, लेकिन मामला शिलापट्ट तक ही सीमित रह गया।

कांग्रेस का आरोप है कि विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही दोबारा भूमि पूजन कर जनता की भावनाओं से खिलवाड़ किया जा रहा है। उनका कहना है कि स्टेडियम के स्वरूप को लेकर स्थानीय जनता से कोई राय नहीं ली गई है, जबकि इसी मैदान में हर वर्ष 14 नवंबर से सात दिवसीय गौचर मेले का आयोजन होता है।
जनता की नजर निर्माण पर
फिलहाल मिनी स्टेडियम को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी तेज है, लेकिन स्थानीय लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि निर्माण कार्य कब धरातल पर शुरू होता है और परियोजना को पूरा होने में कितना समय लगता है।

