‘जन-जन के द्वार’ अभियान: सुदूर गांवों में पहुंचा प्रशासन, 19 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

नई टिहरी |   प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी पहल “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” महाभियान के तहत शनिवार को जिला प्रशासन ने सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में सीधा संवाद स्थापित किया। अभियान के अंतर्गत तहसील टिहरी के विकासखंड थौलधार की न्याय पंचायत इडियान और तहसील कीर्तिनगर क्षेत्र की न्याय पंचायत क्वीली में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर आयोजित किए गए।

इन शिविरों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना रहा। शिविरों में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे साफ जाहिर हुआ कि दूरस्थ क्षेत्रों में ऐसे प्रशासनिक अभियानों की अत्यंत आवश्यकता है।

सीडीओ ने की शिविर की अध्यक्षता

न्याय पंचायत इडियान के राजकीय इंटर कॉलेज मेंडखाल पगारी में आयोजित शिविर की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने की। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र सिंह भंडारी, मुख्यमंत्री के पीआरओ मुलायम सिंह रावत और जिला पंचायत सदस्य सुनील जुयाल भी मौजूद रहे। सीडीओ ने ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

114 पंजीकरण, 19 शिकायतों का तत्काल समाधान

नोडल अधिकारी एवं लोक निर्माण विभाग चम्बा के सहायक अभियंता अमित रूसिया ने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों के स्टाल लगाए गए, जहां 114 लोगों का पंजीकरण किया गया। इस दौरान कुल 20 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 19 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इसके अलावा प्रमाण पत्रों, स्वास्थ्य जांच और सामग्री वितरण के माध्यम से 113 लोगों को लाभ पहुंचाया गया।

शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल की समस्याएं छाईं

शिविर में ग्रामीणों ने शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। जिला पंचायत सदस्य सुनील प्रसाद जुयाल ने धमाड़ी वार्ड के प्राथमिक विद्यालयों की मरम्मत, शिक्षकों की नियुक्ति, पीएचसी मेंडखाल के उच्चीकरण और सीएचसी कण्डीसौड़ में अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी।

पूर्व प्रधान गोविंद सिंह रावत, भौ सिंह भंडारी और पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य लाखीराम उनियाल ने पेयजल लाइनों की मरम्मत का मुद्दा उठाया। वहीं, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख रामलाल खंडूड़ी ने आपदा से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण की मांग की।

बाजार और सड़क समस्याओं पर मिला आश्वासन

व्यापार मंडल अध्यक्ष मेंडखाल कृष्ण नौटियाल ने बाजार क्षेत्र की समस्याएं उठाईं, जिस पर सीडीओ ने शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। ग्राम पगारी की सबिता भट्ट और पूर्व प्रधान मंजरुवाल पुष्पा जुयाल ने सड़क और ग्राम पंचायत से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से रखा।

इस अवसर पर अतिथियों ने छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार किए गए प्रोजेक्टों का निरीक्षण कर उनकी सराहना की और कविता देवी व सबिता देवी को महालक्ष्मी किट प्रदान की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *