हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘विभाजन की विभीषिका’ विषयों पर लगी विशेष प्रदर्शनी

न्यू टिहरी में ‘हर घर तिरंगा’ के तहत सीबीसी की फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया शुभारंभ, तिरंगा रैली में विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

 

 

नई टिहरी। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), देहरादून, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से नई टिहरी में आयोजित दो दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम के तहत विशेष फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन राज्य के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया।

 

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशवासियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और गौरव की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

 

मंत्री ने केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा लगाई गई फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय ध्वज की गौरवपूर्ण यात्रा और देश के इतिहास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों को प्रदर्शित करने वाली प्रदर्शनी की सराहना की।

‘हर घर तिरंगा’ और ‘विभाजन की विभीषिका’ पर विशेष प्रदर्शनी

 

नई टिहरी में आयोजित फोटो प्रदर्शनी में ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘विभाजन की विभीषिका’ जैसे विषयों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन, युवाओं और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन, ‘वंदे मातरम्’ की ऐतिहासिक विरासत तथा वर्ष 1947 के विभाजन से जुड़े महत्वपूर्ण घटनाक्रमों की जानकारी दी जा रही है।

 

प्रदर्शनी में विभाजन से पीड़ित परिवारों के सदस्यों ने भी पहुंचकर इतिहास के इस दर्दनाक अध्याय से जुड़ी स्मृतियों को देखा।

 

तिरंगा रैली में दिखा देशभक्ति का जज्बा

 

कार्यक्रम के दौरान आयोजित तिरंगा रैली में चंबा ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर श्री देव सुमन पार्क से निकली रैली ने लोगों को राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

 

रैली के दौरान ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी का आह्वान किया गया। रैली में अपर जिला मजिस्ट्रेट शैलेन्द्र सिंह नेगी, एसडीएम कमलेश मेहता और जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम सहित जिला प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी भी शामिल हुए। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अभियान में भाग लेने के साथ ही जिम्मेदार एवं बेहतर नागरिक बनने का आह्वान किया।

 

विद्यार्थियों के लिए हुईं रचनात्मक गतिविधियां

 

केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून के कार्यक्रम अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने बताया कि फोटो प्रदर्शनी के साथ विद्यार्थियों के लिए विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इनका उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय ध्वज और देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ना तथा उनमें राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना है।

 

मुख्य अतिथि गणेश जोशी ने 13 अगस्त को नई टिहरी के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित अंतरविद्यालयी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया। कविता, चित्रकला और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिताओं के विजेता

 

कविता प्रतियोगिता

 

प्रथम — वीबीएस पब्लिक स्कूल की कुमारी आकृति

द्वितीय — ऑल सेंट कॉन्वेंट स्कूल की कुमारी अवंतिका

तृतीय — राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रतिमा चौहान

 

चित्रकला प्रतियोगिता

 

प्रथम — ऑल सेंट कॉन्वेंट स्कूल के आरुम हुसैन

द्वितीय — राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की आरुषी

तृतीय — राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की खुशी

 

पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता

 

प्रथम — ऑल सेंट कॉन्वेंट स्कूल की रिद्धिमा

द्वितीय — राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की कुमारी फाइजा

तृतीय — राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की रहनुमा

विभाजन की त्रासदी से रूबरू हुई नई पीढ़ी

 

विभाजन विभीषिका दिवस के अवसर पर प्रताप इंटर कॉलेज, टिहरी में सूचना विभाग टिहरी की ओर से भारत विभाजन की त्रासदी, विस्थापन और उस दौर की पीड़ादायक स्मृतियों को दर्शाती प्रदर्शनी भी लगाई गई।

 

प्रदर्शनी में विभाजन के दौरान लाखों लोगों द्वारा झेली गई पीड़ा, संघर्ष और अपने घर-बार से बिछड़ने की कहानी को तस्वीरों एवं विवरण के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर पाकिस्तान से विभाजन के बाद टिहरी पहुंचे परिवारों के सदस्यों को मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। यह अवसर भावुक कर देने वाला रहा।

 

कार्यक्रम के माध्यम से नई पीढ़ी को इतिहास के इस दर्दनाक अध्याय से परिचित कराने के साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

 

कार्यक्रम में डीएम टिहरी नितिका खंडेलवाल, उदय रावत, जिलाध्यक्ष भाजपा, चंबा ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, स्थानीय नागरिक तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *