डीएम डॉ. आशीष चौहान ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा, सुरक्षा और यातायात को लेकर दिए सख्त निर्देश
स्वतंत्रता सेनानियों, राज्य आंदोलनकारियों और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को किया जाएगा सम्मानित
देहरादून। राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 15 अगस्त को प्रातः 10 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य मंच पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। समारोह को भव्य, गरिमापूर्ण, अनुशासित एवं सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड पहुंचकर स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित नोडल अधिकारियों के साथ मंच, परेड, सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और बैठने की व्यवस्था सहित विभिन्न तैयारियों का जायजा लिया।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण की जाएं और आयोजन को सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए। उन्होंने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश भी दिए।
पुलिस, अर्धसैनिक बल और एनसीसी की टुकड़ियां देंगी सलामी
मुख्य समारोह के दौरान पुलिस, अर्धसैनिक बल, होमगार्ड, एनसीसी तथा प्रांतीय रक्षक दल की टुकड़ियां पुलिस बैंड की मधुर धुन के बीच राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देंगी। समारोह में देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न सांस्कृतिक एवं अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए होगा सम्मान
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, राज्य आंदोलनकारियों, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों तथा सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित करेंगे।
जिला प्रशासन की ओर से समारोह में आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए भी व्यापक तैयारियां की गई हैं। समारोह स्थल पर सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिला प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य, यादगार और गरिमापूर्ण बनाने के लिए सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
