केदारनाथ यात्रा 2026: सुरक्षा और सुव्यवस्था के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस पूरी तरह तैयार

रुद्रप्रयाग: विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम यात्रा के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस पूरी तरह तैयार है। 22 अप्रैल से शुरू हो रही यात्रा को लेकर रिजर्व पुलिस लाइन रतूड़ा में आयोजित ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि “मित्रता, सेवा, सुरक्षा” और “अतिथि देवो भवः” के संकल्प के साथ श्रद्धालुओं का स्वागत किया जाएगा। साथ ही निर्देश दिए गए कि किसी भी परिस्थिति में पुलिसकर्मी धैर्य बनाए रखें और यात्रियों के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार करें। अनुचित आचरण पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यात्रा मार्ग, केदारनाथ धाम और पैदल मार्ग के विभिन्न पड़ावों के लिए ड्यूटी आदेश जारी कर दिए गए हैं। सभी पुलिसकर्मियों को समय पर अपनी-अपनी तैनाती स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। ब्रीफिंग के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित कर उनका मनोबल भी बढ़ाया गया।

इस अवसर पर सीओ गुप्तकाशी वेद प्रकाश भट्ट ने पिछले वर्षों के अनुभव साझा किए, जबकि एसएचओ सोनप्रयाग राकेंद्र सिंह कठैत ने क्षेत्र की भौगोलिक चुनौतियों की जानकारी दी। यात्रा के दौरान बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए सुचारू ट्रैफिक प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया है।

साथ ही विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। एसपी ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के लिए आवास और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। इसके अलावा अन्य जनपदों से आने वाले पुलिस बल का भी सहयोग लिया जाएगा, जिसमें स्थानीय पुलिस मार्गदर्शक की भूमिका निभाएगी।

ब्रीफिंग में पुलिस उपाधीक्षक, निरीक्षक, विभिन्न थाना प्रभारियों सहित एलआईयू, दूरसंचार और अन्य शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

एसपी निहारिका तोमर ने कहा कि रुद्रप्रयाग पुलिस प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा और सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *