मैपिंग से छूटे मतदाताओं से निर्धारित प्रमाण-पत्र शीघ्र प्रस्तुत करने की अपील
देहरादून। आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने शुक्रवार को विधानसभा सहसपुर क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत आयोजित विशेष शिविरों और चयनित मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण एवं मैपिंग कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों और बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आयुक्त ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप मैपिंग से छूटे मतदाताओं के प्रकरणों का प्राथमिकता से परीक्षण किया जाए। बीएलओ मतदाताओं से आवश्यक अभिलेख एवं निर्धारित प्रमाण-पत्र प्राप्त कर उनका नियमानुसार सत्यापन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने शिविरों में पहुंचे नागरिकों से संवाद कर एसआईआर प्रक्रिया से जुड़ी उनकी समस्याएं और शंकाएं भी सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाताओं को मैपिंग और आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी न हो।
आयुक्त आनंद स्वरूप ने मैपिंग से छूटे मतदाताओं से अपील की कि वे घबराएं नहीं और निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रमाण-पत्र एवं अभिलेख जल्द संबंधित बीएलओ या निर्धारित शिविर में उपलब्ध कराएं। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद नियमानुसार मतदाता सूची में नाम शामिल करने की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान राजकीय प्राथमिक विद्यालय झाझरा, जूनियर हाईस्कूल सेलाकुई, राजकीय इंटर कॉलेज सेलाकुई और राजकीय प्राथमिक विद्यालय लक्ष्मीपुर सहित अन्य मतदेय स्थलों पर एसआईआर कार्य का जायजा लिया गया। आयुक्त ने बीएलओ एवं निर्वाचन कार्मिकों को घर-घर संपर्क और शिविरों के माध्यम से मैपिंग से छूटे मतदाताओं तक पहुंचने तथा लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। सभी अधिकारी और कर्मचारी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं निष्पक्षता के साथ एसआईआर कार्य पूरा करें। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट/ईआरओ सहसपुर राकेश तिवारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र देवली सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
