सीसीटीवी फुटेज से खुलासा, चांदी के कंगन-पायल समेत सामान बरामद
चमोली। गौचर में बंद घर का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले का कर्णप्रयाग पुलिस ने खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए चांदी के कंगन, पायल, सूटकेस और जैकेट बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त पूर्व में भी चोरी की कई घटनाओं में शामिल रहा है।
पुलिस के मुताबिक 20 अगस्त को गौचर निवासी सत्यपाल सिंह चौधरी ने कोतवाली कर्णप्रयाग में तहरीर देकर बताया था कि वह इलाज के लिए देहरादून गए थे। वापस लौटने पर घर का ताला टूटा मिला। चोर घर से उनके नाती के दो जोड़ी चांदी के कंगन, दो जोड़ी चांदी की पायल, सूटकेस और जैकेट चोरी कर ले गया था। अलमारियों को भी क्षतिग्रस्त किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में 14-15 अगस्त की रात करीब 11 बजे से सुबह चार बजे के बीच एक संदिग्ध व्यक्ति ग्रिफ चौक से पीड़ित के घर की ओर जाता दिखाई दिया।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने सुरागरसी करते हुए 21 अगस्त की सुबह करीब 7:30 बजे गौचर-रुद्रप्रयाग मोटर मार्ग पर सरस्वती विद्या मंदिर के आगे प्रतीक्षालय के पास संदिग्ध उमेद सिंह भंडारी (35) निवासी ग्राम कंडारा, थाना कर्णप्रयाग को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी का सामान बरामद हुआ। पूछताछ में अभियुक्त ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त के खिलाफ पौड़ी, रुद्रप्रयाग और चमोली जनपद के विभिन्न थानों में चोरी सहित अन्य धाराओं में छह मुकदमे पहले से दर्ज हैं। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मानवेन्द्र गुसाईं, चौकी प्रभारी गौचर, हेड कांस्टेबल अशोक रावत, हेड कांस्टेबल हरेन्द्र नेगी और होमगार्ड विपिन राणा शामिल रहे।
