वैकुंठ चतुर्दशी पर विशेष पूजा-अर्चना के साथ मंदिर में जले आस्था के दीप, रात्रि में होंगी चार पहर की आरतियां और अखंड जागरण
ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग। देव सेनापति भगवान कुमार कार्तिकेय की पावन तपस्थली क्रौंच पर्वत वैकुंठ चतुर्दशी के पावन अवसर पर भक्ति और आस्था के रंगों से सराबोर रही। यहां वैकुंठ चतुर्दशी का पर्व पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ देव दीपावली के रूप में मनाया गया। भगवान कार्तिकेय के दर्शन एवं विशेष पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिनभर जारी रहा। मंदिर परिसर भगवान कार्तिकेय के जयकारों से गूंजता रहा और पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया।
क्रौंच पर्वत में वैकुंठ चतुर्दशी का विशेष धार्मिक, आध्यात्मिक और पौराणिक महत्व है। मान्यता है कि देव सेनापति भगवान कुमार कार्तिकेय ने इसी पवित्र पर्वत पर कठोर तपस्या की थी। इसी कारण यह स्थान उनकी तपस्थली और साधना भूमि के रूप में प्रसिद्ध है। यहां वैकुंठ चतुर्दशी पर देव दीपावली मनाने की परंपरा सदियों पुरानी लोक आस्था और धार्मिक मान्यताओं से जुड़ी हुई है।

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, वैकुंठ चतुर्दशी के पावन अवसर पर भगवान शिव और माता पार्वती कैलाश पर्वत से अपने पुत्र भगवान कार्तिकेय से मिलने कुमार लोक पहुंचते हैं। इसी मान्यता के चलते क्रौंच पर्वत पर इस पर्व का विशेष महत्व माना जाता है। श्रद्धालु भगवान कार्तिकेय के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और क्षेत्र की उन्नति की कामना करते हैं।
पर्व के अवसर पर मंदिर परिसर में दीप प्रज्ज्वलित कर देव दीपावली की परंपरा का निर्वहन किया गया। दूर-दराज के गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान कार्तिकेय के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा प्रकट की। भक्तों की भारी मौजूदगी ने धार्मिक आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया।
रात्रि में होंगी चार पहर की विशेष आरतियां, पूरी रात चलेगा जागरण
वैकुंठ चतुर्दशी की रात्रि में मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। परंपरा के अनुसार रात्रि के चारों पहरों में चार विशेष आरतियां उतारी जाएंगी। प्रत्येक पहर में विधि-विधान के साथ आरती कर देवी-देवताओं का आवाहन किया जाएगा। इसके साथ ही मंदिर में पूरी रात अखंड जागरण होगा। इस दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन, देव स्तुति और धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से भगवान कार्तिकेय की आराधना करेंगे। चार पहर की आरतियां और रात्रि जागरण इस पर्व के प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
कार्तिकेय मंदिर समिति के अध्यक्ष विक्रम सिंह नेगी ने बताया कि क्रौंच पर्वत पर वैकुंठ चतुर्दशी का आयोजन क्षेत्र की समृद्ध धार्मिक विरासत, पौराणिक परंपराओं और लोक आस्था का प्रतीक है। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का पहुंचना भगवान कार्तिकेय के प्रति उनकी अगाध श्रद्धा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन से क्रौंच पर्वत की आध्यात्मिक पहचान को नई मजबूती मिल रही है।
