Your Website Description

बैकुंठ चतुर्दशी मेले का रंगारंग आगाज, सीएम धामी ने श्रीनगर को दी विकास की कई सौगातें

श्रीनगर में साइंस सिटी, हाईटेक घाट और देहरादून के लिए जल्द शुरू होगी हेली सेवा; आंगनबाड़ी, सहायिका और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में दिसंबर से होगी बढ़ोतरी

श्रीनगर। ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध बैकुंठ चतुर्दशी और विकास प्रदर्शनी मेले का सोमवार को रंगारंग आगाज हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रिबन काटकर मेले का विधिवत शुभारंभ किया। उनके आगमन पर स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और ग्रामोत्थान परियोजना के तहत लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा स्थानीय उत्पादों और महिला स्वयं सहायता समूहों के कार्यों की जानकारी ली। पहाड़ की पारंपरिक संस्कृति से जुड़ाव प्रदर्शित करते हुए उन्होंने सिलबट्टे पर नमक भी पीसा।

बैकुंठ चतुर्दशी मेला लोकसंस्कृति और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक : धामी

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कमलेश्वर महादेव का स्मरण किया और कहा कि इस पावन धरा पर पहुंचना उनके लिए सौभाग्य की बात है। अलकनंदा नदी के तट पर बसी श्रीनगर नगरी का धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक इतिहास गौरवशाली रहा है। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय ने इस नगर को देशभर में विशिष्ट पहचान दिलाई है। यहां से शिक्षा प्राप्त कर निकले विद्यार्थी देश के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और विरासत के संरक्षण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। बैकुंठ चतुर्दशी मेला हमारी लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में नकल विरोधी कानून के तहत 100 से अधिक नकल माफिया को जेल भेजा गया है, जबकि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। सरकार भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है।

श्रीनगर में विकसित होगी साइंस सिटी, पांच प्रयागों में बनेंगे हाईटेक घाट

मुख्यमंत्री ने श्रीनगर के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि श्रीनगर में उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के माध्यम से साइंस सिटी विकसित की जाएगी।

इसके साथ ही विष्णुप्रयाग, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग में हाईटेक घाटों का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण किया जाएगा। धारी देवी मंदिर के समीप भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक घाट विकसित किया जाएगा।

200 करोड़ की सीवर लाइन परियोजना अंतिम चरण में

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीनगर में लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से संचालित सीवर लाइन परियोजना अंतिम चरण में है। इसे जल्द धरातल पर उतारा जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द हेली सेवा शुरू की जाएगी। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ आपातकालीन सेवाओं को भी लाभ मिलेगा।उन्होंने श्रीनगर नगर निगम के नए कार्यालय भवन के निर्माण को स्वीकृति देने तथा बैकुंठ चतुर्दशी मेले के आयोजन के लिए सरकारी सहयोग देने की भी घोषणा की।

आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में दिसंबर से होगी बढ़ोतरी

मुख्यमंत्री ने मातृशक्ति को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए घोषणा की कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में एक दिसंबर से वृद्धि की जाएगी।

उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से चलाई जा रही बहुउद्देशीय योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बैणी-भुली योजना के लाभार्थियों को दो किस्तों में भुगतान किया जाएगा।

कमलेश्वर महादेव पर जारी किया गया डाक आवरण

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कमलेश्वर महादेव से संबंधित विशेष डाक आवरण का विमोचन भी किया। इस अवसर पर देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी, पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी, महापौर आरती भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पौड़ी रचना बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत, जिलाधिकारी पौड़ी, एसएसपी सर्वेश पंवार, सीडीओ अशोक जोशी, एसडीएम नूपुर वर्मा, कृष्णा त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *