ऋषिकेश। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में निर्मल ज्ञान दान अकादमी (एनजीए) में अंडर-17 अंतरविद्यालयी बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 12 विद्यालयों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के बालिका एकल वर्ग में डीएसबी की अन्वी पंवार और बालक एकल वर्ग में एमएएमएस के शौर्य ने प्रथम स्थान हासिल किया।
रविवार को आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ नेत्र चिकित्सक डॉ. राजे सिंह नेगी और भाजपा जिला महामंत्री प्रतीक कालिया ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद गायत्री मंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ हुआ।
प्रतियोगिता में बालक एकल, बालिका एकल और मिश्रित युगल वर्ग में मुकाबले हुए। एनजीए, एएमएस, पारस, डीएसबी, डीपीएस, एफएचए, जीएनए, एमएएमएस, एचएचएमएस, एनडीएस और एसओपीएस सहित विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
शौर्य और अन्वी ने जीते एकल वर्ग के खिताब
बालक एकल वर्ग में एमएएमएस के शौर्य ने प्रथम, एनजीए के वेदांश भट्ट ने द्वितीय और डीएसबी के ध्रुव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
बालिका एकल वर्ग में डीएसबी की अन्वी पंवार ने प्रथम, एफएचए की आकर्षी ने द्वितीय और डीपीएस की संस्कृति ने तृतीय स्थान हासिल किया।
मिश्रित युगल वर्ग में डीपीएस के विनायक और संस्कृति की जोड़ी प्रथम रही। एनडीएस के सार्थक एवं साक्षी ने द्वितीय तथा डीएसबी की अन्वी पंवार एवं ध्रुव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र से किया सम्मानित
समापन अवसर पर एम्स ऋषिकेश के न्यूरोसर्जरी विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राजनिश कुमार अरोड़ा ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और खेलों में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर निर्मल आश्रम के महंत बाबा राम सिंह महाराज, संत बाबा जोध सिंह महाराज, एनजीए की प्रधानाचार्या डॉ. सुनीता शर्मा, हेडमिस्ट्रेस अमृतपाल डंग, खेल प्रमुख दिनेश पैन्यूली, अंजना रतूड़ी, निर्णायक सोमनाथ शर्मा, शेर सिंह थापा, रश्मि, पिंकी पायल, करन शाही, निर्मल आई संस्थान के प्रबंधक अजय शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
