CM धामी ने कुंवावाला में सुनी ‘मन की बात’, बोले- नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कुंवावाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 137वां संस्करण सुना। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के संदेशों को राष्ट्र निर्माण और सामाजिक जागरूकता के लिए महत्वपूर्ण बताया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों और उनके अभिनव प्रयासों को देश-दुनिया के सामने लाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में युवाओं को नशे से दूर रखने और ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ के संकल्प को जनआंदोलन बनाने का संदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा मुक्त युवा ही सशक्त और विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। प्रधानमंत्री के आह्वान से युवाओं में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ने के साथ स्वस्थ, सकारात्मक और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित युवा शक्ति को नई ऊर्जा मिलेगी।

इतिहास और विरासत से जुड़ने का संदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत के गौरवशाली इतिहास और समृद्ध विरासत को नई पीढ़ी तक रोचक एवं सरल तरीके से पहुंचाने के लिए किए जा रहे अभिनव प्रयासों का भी उल्लेख किया। ऐसे प्रयास युवाओं को देश के इतिहास से जोड़ने के साथ उनमें संस्कृति, विरासत और राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ‘मन की बात’ के माध्यम से देश के अलग-अलग क्षेत्रों में सामान्य नागरिकों द्वारा किए जा रहे असाधारण कार्यों, नवाचारों और जनभागीदारी के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान दिला रहे हैं। इससे समाज के अन्य लोगों को भी अपने क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा मिलती है।

युवाओं से नशामुक्त भारत में योगदान की अपील

मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं से प्रधानमंत्री के संदेशों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी लोग नशा मुक्त, स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *