रायपुर के नालापानी में सेवा संकल्प अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर, 500 से अधिक श्रमिक परिवारों को मिली सहायता

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने लिया शिविर का जायजा, स्वास्थ्य शिविर में 44 प्रकार की जांच की सुविधा; कृषि यंत्र, मशरूम मिनीकिट और महालक्ष्मी किट भी वितरित

देहरादून। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शनिवार को रायपुर क्षेत्र के नालापानी स्थित महाराणा प्रताप सामुदायिक भवन में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल और विधायक उमेश शर्मा काऊ ने प्रतिभाग किया। शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

इस दौरान प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं देहरादून जनपद के प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल ने स्वास्थ्य शिविर में अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। उन्होंने आमजन को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। शिविर में 44 प्रकार की जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे स्थानीय लोगों को अपने क्षेत्र में ही स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने का अवसर मिला।

विभिन्न विभागों ने लाभार्थियों को बांटी सामग्री

शिविर में कृषि विभाग की ओर से लाभार्थियों को कृषि यंत्र और मशरूम मिनीकिट वितरित की गईं। बाल विकास विभाग के माध्यम से महालक्ष्मी किट और किशोरी किट प्रदान की गईं। वहीं, श्रम विभाग ने 500 से अधिक श्रमिक परिवारों को पोषण किट, स्वच्छता किट और शिक्षा किट उपलब्ध कराईं।

इन गतिविधियों का उद्देश्य पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ ही कृषि, पोषण, स्वच्छता, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।

जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविरों को सरकार की योजनाओं और सेवाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अपने कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की कि वे बहुउद्देशीय शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कृषि, श्रम, बाल विकास, स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा पात्रतानुसार उनका लाभ उठाएं।

प्रशासन के अनुसार, ऐसे शिविरों का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को जनता के करीब पहुंचाना और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है।

कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *