Your Website Description

बांसुरी स्वराज ने भरी चुनावी तैयारियों की हुंकार, कहा- जन-जन तक पहुंचाएं भाजपा की नीतियां और उपलब्धियां

हरिद्वार। भाजपा की विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति के तहत आयोजित प्रथम सत्र की संयुक्त मोर्चा एवं प्रकोष्ठ बैठक में प्रदेश सह प्रभारी बांसुरी स्वराज ने पार्टी पदाधिकारियों को संगठन की मजबूती, जनसंपर्क विस्तार और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों का मंत्र दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता के बीच पहुंचने, केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठनात्मक गतिविधियों को बूथ स्तर पर प्रभावी बनाने का आह्वान किया।

अपने संबोधन में बांसुरी स्वराज ने कहा कि उत्तराखंड केवल भारत की आध्यात्मिक चेतना की भूमि ही नहीं, बल्कि शौर्य और वीरता की पहचान रखने वाली देवभूमि भी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रत्येक मोर्चे और 22 प्रकोष्ठों की समाज में अपनी विशिष्ट भूमिका है। ये सभी संगठन समाज के विभिन्न वर्गों की आकांक्षाओं, अपेक्षाओं और सहभागिता को पार्टी से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा युवाओं की ऊर्जा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक है, जबकि महिला मोर्चा नारी शक्ति, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व को मजबूती प्रदान करता है। किसान मोर्चा अन्नदाता किसानों के सम्मान, समृद्धि और अधिकारों के लिए प्रतिबद्ध है। इसी तरह ओबीसी मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा और अल्पसंख्यक मोर्चा समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सामाजिक समरसता, समान अवसर, सांस्कृतिक संरक्षण और विश्वास को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के 22 प्रकोष्ठ भी समाज के विभिन्न क्षेत्रों में विशेषज्ञता और जनसेवा के आधार पर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

मोदी सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान

बांसुरी स्वराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था निरंतर प्रगति कर रही है। वैश्विक स्तर पर युद्ध और विभिन्न चुनौतियों के बावजूद देश ने विकास की गति को बनाए रखा है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी विदेशों में भारत की छवि को लेकर नकारात्मक बातें करते हैं, जबकि देश की जनता बार-बार कांग्रेस को नकार चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता हासिल करने में असफल विपक्ष अब अराजकता का माहौल बनाकर सत्ता परिवर्तन का प्रयास कर रहा है।

जन विश्वास यात्रा से जनता के बीच पहुंचेगी भाजपा

आगामी जन विश्वास यात्रा को लेकर बांसुरी स्वराज ने कहा कि यह यात्रा जनता से सीधा संवाद स्थापित करने और भाजपा के प्रति जनविश्वास को और मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।

उन्होंने बताया कि गढ़वाल क्षेत्र की जन विश्वास यात्रा 25 दिसंबर को उत्तरकाशी के गंगोत्री धाम से प्रारंभ होगी और 9 जनवरी 2027 को देहरादून में संपन्न होगी। वहीं कुमाऊं क्षेत्र की यात्रा 27 दिसंबर को चंपावत विधानसभा क्षेत्र स्थित गोलू देवता मंदिर से शुरू होकर 7 जनवरी 2027 को हल्द्वानी में संपन्न होगी।

उन्होंने बताया कि दोनों यात्राओं के दौरान कुल 2488 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी और 26 जनसभाएं आयोजित की जाएंगी।

‘2488 किलोमीटर नहीं, 2488 संभावनाओं की यात्रा होगी’

बांसुरी स्वराज ने कहा, “यह केवल 2488 किलोमीटर की यात्रा नहीं होगी, बल्कि 2488 अलग-अलग संभावनाओं की यात्रा होगी।”

उन्होंने स्पष्ट किया कि जन विश्वास यात्रा का उद्देश्य केवल विधानसभा क्षेत्रों और किलोमीटरों को कवर करना नहीं है, बल्कि प्रत्येक क्षेत्र में जनता से वन-टू-वन संवाद स्थापित करना, उनकी अपेक्षाओं और समस्याओं को समझना तथा भाजपा के विकास एवं जनसेवा के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से यात्रा को सफल बनाने के लिए पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ जुटने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *