टिहरी। प्रतापनगर क्षेत्र की पट्टी ओण के मांजफ गांव में आयोजित पारंपरिक पांडव लीला के सातवें दिन महाभारत युद्ध के विभिन्न प्रसंगों का भव्य मंचन किया गया। इस दौरान कौरव-पांडव युद्ध और भीष्म पितामह से जुड़े मार्मिक प्रसंगों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। पांडव लीला का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रवासी पहुंचे।
कार्यक्रम में शामिल हुए प्रतापनगर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रदीप रमोला ने कहा कि पांडव लीला हमें सत्य, अहिंसा और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। मांजफ गांव के ग्रामीणों ने अपनी समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत को जीवंत बनाए रखने के लिए सदियों से इस परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाया है। ग्रामीणों का यह प्रयास सराहनीय, अनुकरणीय और प्रेरणादायक है।

सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में मांजफ गांव की अहम भूमिका
पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रदीप रमोला ने कहा कि मांजफ गांव विकासखंड प्रतापनगर की सबसे बड़ी ग्रामसभा है। यहां के ग्रामीण अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं के संरक्षण के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। यह पहल अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने ग्रामीणों की सराहना करते हुए कहा कि लोक संस्कृति और पारंपरिक आयोजनों को जीवंत बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान गंभीर महर ने पांडव लीला में शामिल हुए क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और अन्य अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम में पुलम सिंह महर, कीर्ति सिंह, धाम सिंह महर, संजय रमोला, रमेश सिंह, देवेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
