Your Website Description

मॉक अभ्यास में भूकंप, भूस्खलन, बादल फटने से लेकर वनाग्नि और सड़क दुर्घटनाओं तक के हालात का किया गया अभ्यास

देहरादून। आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर शनिवार को देहरादून जनपद में 33 विभिन्न स्थानों पर व्यापक जागरूकता अभियान, सुरक्षा ऑडिट और मॉक अभ्यास आयोजित किए गए। इन अभ्यासों के माध्यम से प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं से निपटने के लिए विभिन्न विभागों की तैयारियों, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और आपसी समन्वय की परख की गई।

गौरतलब है कि वर्ष 2023 में उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को 17 दिनों तक चले चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू अभियान के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया था। इसी ऐतिहासिक बचाव अभियान की स्मृति में प्रतिवर्ष 28 नवंबर को प्रदेशभर में आपदा प्रबंधन दिवस मनाया जाता है।

जनपद में कोरोनेशन अस्पताल, दून अस्पताल, आशारोड़ी चेकपोस्ट, सीएनजी स्टेशन ट्रांसपोर्ट नगर, क्रॉसरोड मॉल, रोपवे गनहिल, जीआईसी सेलाकुई, लाखामंडल, नालापानी, माजरी ग्रांट, एसडीएच प्रेमनगर, एसडीएच ऋषिकेश, एमडीडीए कॉलोनी आईएसबीटी, डाकपत्थर एवं छिबरो पावर हाउस सहित 33 स्थानों पर मॉक अभ्यास किए गए। इसके अलावा विभिन्न वन प्रभागों, शैक्षणिक संस्थानों, बिजली एवं जल संस्थान के प्रतिष्ठानों को भी अभ्यास में शामिल किया गया।

मॉक अभ्यास के दौरान खराब मौसम, भगदड़, बादल फटना, अचानक बाढ़, भीड़ नियंत्रण, सुरंग दुर्घटना, तीर्थयात्रियों के फंसने, चिकित्सा आपातकाल, आग लगने, भूस्खलन, भूकंप और रोपवे में पर्यटकों के फंसने जैसी परिस्थितियां तैयार की गईं। जिला आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम से सभी स्थानों पर चल रहे अभ्यास की लाइव स्ट्रीमिंग कर निगरानी और विभागीय समन्वय सुनिश्चित किया गया।

वनाग्नि से निपटने की तैयारियों का भी हुआ परीक्षण

वन क्षेत्रों में आग की घटनाओं से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए चकराता वन प्रभाग की रिवर रेंज के तिलवाड़ी बीट तथा भूमि संरक्षण वन प्रभाग कालसी की लांघा रेंज के तौली बीट में विशेष मॉक ड्रिल आयोजित की गई।

अभ्यास के दौरान वनाग्नि की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। आग के तेजी से फैलने की स्थिति में अतिरिक्त टीमों को तैनात किया गया। वहीं, एक वनकर्मी के घायल होने का परिदृश्य तैयार कर मेडिकल टीम को भी मौके पर भेजा गया। वन विभाग और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीमों ने आग पर नियंत्रण पाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया।

आशारोड़ी में सड़क हादसे का अभ्यास, आठ घायलों का रेस्क्यू

आशारोड़ी चेकपोस्ट के निकट सड़क दुर्घटना पर आधारित मॉक ड्रिल में राहत एवं बचाव कार्यों की तत्परता परखी गई। दुर्घटना में आठ लोगों के घायल होने का परिदृश्य तैयार किया गया। रेस्क्यू टीमों ने सभी घायलों को बाहर निकाला। इनमें दो गंभीर घायलों को श्री महंत इंद्रेश अस्पताल भेजा गया, जबकि छह अन्य को मेडिकल एड पोस्ट पर प्राथमिक उपचार दिया गया।

अभ्यास के दौरान दुर्घटनास्थल पर डीजल रिसाव से आग लगने की आशंका को नियंत्रित करने की कार्रवाई भी की गई। इसके बाद क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारु कराया गया।

डी-ब्रीफिंग में सामने आईं सुधार की संभावनाएं

मॉक अभ्यास समाप्त होने के बाद सभी रेस्क्यू टीमों की डी-ब्रीफिंग की गई। इसमें राहत एवं बचाव अभियान के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करते हुए सामने आई कमियों और सुधार की संभावनाओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने आपदा की स्थिति में कम से कम समय में प्रभावी कार्रवाई, संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को मजबूत बनाने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *