Your Website Description

चमोली में आठ जगह एक साथ चला आपदा बचाव का मॉक अभ्यास, 40 विद्यार्थियों के फंसने से लेकर सुरंग में बाढ़ तक के बने हालात

भूकंप, भूस्खलन, अग्निकांड और हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग का किया अभ्यास, डीएम ने आपदा परिचालन केंद्र से संभाली कमान

चमोली। आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए शनिवार को चमोली में राज्य स्तरीय आपदा प्रबंधन मॉक अभ्यास आयोजित किया गया। जिले के आठ स्थानों पर भूकंप, भूस्खलन, सुरंग में बाढ़, सड़क दुर्घटना, भालू का हमला, हेलीकॉप्टर की आपातकालीन लैंडिंग और अग्निकांड जैसी परिस्थितियां बनाकर राहत एवं बचाव अभियान चलाए गए।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने जिला आपदा परिचालन केंद्र से सभी घटनास्थलों की निगरानी की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बचाव कार्यों की जानकारी लेकर जरूरी निर्देश दिए।

आठ स्थानों पर परखी गई तैयारियां

तपोवन एनटीपीसी टनल में बाढ़ से 20 से 22 श्रमिकों के फंसने, जीएमवीएन ज्योतिर्मठ में भूकंप से लोगों के मलबे में दबने और पीपलकोटी की टीएचडीसी टनल में भूस्खलन से 15 से 20 श्रमिकों के फंसने का परिदृश्य तैयार किया गया।

चटवापीपल में टेंपो ट्रैवलर दुर्घटना में 14 से 16 यात्रियों को बचाने, पोखरी के मोहनखाल मार्ग पर भालू के हमले में दो लोगों के घायल होने और घाट के कुंतरी गांव में हेलीकॉप्टर की आपातकालीन लैंडिंग का अभ्यास हुआ।

वहीं, थराली के राजकीय इंटर कॉलेज में भूकंप से करीब 40 विद्यार्थियों के फंसने और गैरसैंण के कालिमाटी गांव में भीषण अग्निकांड की स्थिति बनाकर बचाव अभियान चलाया गया।

कई विभागों की टीमों ने लिया हिस्सा

मॉक अभ्यास में पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सेना, एसएसबी, सीआईएसएफ, स्वास्थ्य, अग्निशमन, वन विभाग सहित विभिन्न विभागों और संस्थानों की टीमों ने भाग लिया।

इस दौरान एंबुलेंस, जेसीबी, क्रेन, अग्निशमन वाहन, डिवाटरिंग पंप, कटर, रस्सियों और सैटेलाइट फोन सहित आपदा बचाव उपकरणों की उपलब्धता और उपयोग का परीक्षण किया गया। सभी आठ स्थानों की गतिविधियों को ऑनलाइन जिला आपदा परिचालन केंद्र से जोड़ा गया।

अपर जिलाधिकारी नारायण सिंह नबियाल और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों के अनुसार अभ्यास का उद्देश्य वास्तविक आपदा के समय विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जनहानि को न्यूनतम करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *