देहरादून। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), देहरादून में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में गुरुवार को स्कॉलर बैज समारोह-2026 का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में 300 से अधिक विद्यार्थियों को उनकी मेहनत, लगन और शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए स्कॉलर बैज प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड शासन के विद्यालयी शिक्षा विभाग की सचिव एवं आईएएस अधिकारी ज्योति यादव मुख्य अतिथि तथा डीपीएस देहरादून की निदेशक डॉ. आकांक्षा सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य बीके सिंह, उप-प्रधानाचार्या सुजाता सिंह, शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। प्रधानाचार्य बीके सिंह ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने संगीत, नृत्य और योग की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
लगातार सातवीं बार स्कॉलर बैज पाने वाले तीन विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक
पुरस्कार वितरण समारोह में विभिन्न कक्षाओं के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। नर्सरी से कक्षा तीन तक के विद्यार्थियों को प्रोफिशिएंसी प्रमाण-पत्र दिए गए, जबकि अन्य कक्षाओं के विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए विभिन्न श्रेणियों में स्कॉलर बैज प्रदान किए गए।
समारोह का विशेष आकर्षण अवनि गुप्ता, अभिजय डबराल और रिधिमा गोयल रहे। इन तीनों विद्यार्थियों को लगातार सातवीं बार स्कॉलर बैज प्राप्त करने की उपलब्धि पर स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया गया।
खेल प्रतिभाओं को भी मिला सम्मान
विद्यालय ने शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की प्रतिभा को भी सम्मान दिया। बैडमिंटन खिलाड़ी शिवांश लोहान, शतरंज में उपलब्धियां हासिल करने वाले सौरीन चौहान एवं शेराली पटनायक तथा शूटिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली यशस्वनी चौधरी और वैष्णवी सिंह को सम्मानित किया गया।

दृढ़ संकल्प की मिसाल बने कान्हा जिंदल
समारोह में कान्हा जिंदल का सम्मान विशेष रूप से प्रेरणादायक रहा। डिस्ग्राफिया जैसी चुनौती के बावजूद ग्राफिक डिजाइन और शतरंज के क्षेत्र में उनकी उपलब्धियों को सराहा गया। उनकी सफलता को साहस, आत्मविश्वास, दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयासों का उदाहरण बताया गया।
मुख्य अतिथि ज्योति यादव ने अपने संबोधन में विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन बनाए रखने, अपने लक्ष्य के प्रति एकाग्रचित्त रहने और निरंतर मेहनत करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए आत्मविश्वास, समर्पण और निरंतर प्रयास बेहद जरूरी हैं।
