उत्तरकाशी। बड़कोट पुलिस ने सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल की मदद से करीब पांच लाख रुपये मूल्य के 20 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। इनमें से सात मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए गए, जबकि चारधाम यात्रा के दौरान गुम हुए 13 मोबाइल संबंधित तीर्थयात्रियों के पते पर स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजे गए हैं।पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे गुमशुदा मोबाइल बरामदगी अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र के नेतृत्व में बड़कोट पुलिस टीम ने सीईआईआर पोर्टल, तकनीकी विश्लेषण और फील्ड जांच के माध्यम से विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए।
शुक्रवार को कोतवाली बड़कोट में सात मोबाइल उनके स्वामियों को सौंपे गए। वहीं, अन्य 13 मोबाइल चारधाम यात्रियों के होने के कारण उन्हें दोबारा उत्तरकाशी न आना पड़े, इसके लिए उन्हें डाक से मोबाइल भेज दिए।पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं और निकटतम पुलिस थाने को भी सूचना दें। पुलिस का कहना है कि सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से मोबाइल को ब्लॉक करने और तकनीकी रूप से ट्रेस करने में काफी मदद मिलती है, जिससे बरामदगी की संभावना बढ़ जाती है
