देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सहसपुर स्थित श्री गुरु रामराय पब्लिक स्कूल में आयोजित **’जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’** जनसेवा शिविर में कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य शासन-प्रशासन को जनता के और करीब लाना है। उन्होंने कहा कि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि सरकार स्वयं उनके द्वार तक पहुंचकर सेवाएं उपलब्ध कराए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और सुशासन का अर्थ संवेदनशील एवं जवाबदेह प्रशासन है। उन्होंने बताया कि अभियान के पहले चरण में प्रदेशभर में 700 से अधिक जनसेवा शिविर आयोजित किए गए, जिनमें पांच लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया। देहरादून में 46 शिविरों के माध्यम से 60 हजार से अधिक नागरिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया।

उन्होंने बताया कि सेवा पखवाड़े के तहत 4 जुलाई से अब तक 64 हजार से अधिक लोग शिविरों में शामिल हुए हैं। इस दौरान प्राप्त 5,567 जनसमस्याओं में से 4,951 का समाधान किया जा चुका है, जबकि हजारों लोगों को विभिन्न प्रमाण-पत्र और सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
सहसपुर में आयोजित शिविर में एक हजार से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया। विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों पर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ मौके पर ही प्रमाण-पत्र, सहायता और अन्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, उद्योग और निवेश सहित हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता लागू करने, नकल विरोधी कानून, भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया जैसे निर्णयों से राज्य में सुशासन को मजबूती मिली है।

शिविर के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों की शिकायतें भी सुनीं और कई मामलों में अधिकारियों को मौके पर ही समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। कारबारी ग्रांट में दो माह के भीतर 30 सोलर लाइट लगाने, एक महिला को तत्काल सिलाई मशीन उपलब्ध कराने, सेलाकुई क्षेत्र में सड़क, नाली और जल निकासी कार्य कराने, भाऊवाला में श्मशान घाट निर्माण, अटकफार्म और सेंट्रल होपटाउन के बंदोबस्त संबंधी समस्याओं के समाधान, भगवानपुर में पार्क और ओपन जिम निर्माण तथा बड़ोवाला में डिस्पेंसरी और एंबुलेंस उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक सहदेव सिंह पुंडीर, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
