डोईवाला के पब्लिक इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों को वितरित की गईं रिचार्जेबल एलईडी स्टडी लाइट्स

डोईवाला। यंग इंडियंस (Yi) देहरादून चैप्टर ने अपने रूरल इनिशिएटिव के तहत डोईवाला स्थित राजकीय पब्लिक इंटर कॉलेज में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों को रिचार्जेबल एलईडी स्टडी लाइट्स वितरित कीं। इस पहल का उद्देश्य ऐसे विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधा उपलब्ध कराना है, जिन्हें रात्रि के समय या बिजली की अनुपलब्धता के कारण पढ़ाई में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सभासद गौरव मल्होत्रा ने यंग इंडियंस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रयास विद्यार्थियों की शिक्षा को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और जरूरतमंद छात्रों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा।

 

यंग इंडियंस देहरादून चैप्टर के सदस्य एवं अधिवक्ता सिद्धार्थ वासन ने कहा कि संस्था का उद्देश्य संसाधनों के अभाव में पीछे रह जाने वाले जरूरतमंद विद्यार्थियों तक शिक्षा से जुड़े आवश्यक संसाधन पहुंचाना है, ताकि वे बेहतर भविष्य की ओर आगे बढ़ सकें।

 

विद्यालय के प्रधानाचार्य अंकित डोबरियाल ने यंग इंडियंस के इस सामाजिक प्रयास की सराहना करते हुए इसे छात्र हित में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने संस्था का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सहयोग की अपेक्षा जताई।

 

इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक आलोक जोशी, अश्वनी गुप्ता, अवधेश सेमवाल सहित विद्यालय का शिक्षण स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *