ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग। तुंगनाथ घाटी में लगातार हो रही भारी बारिश से भूस्खलन और भू-धंसाव की घटनाएं बढ़ गई हैं। कुण्ड–चोपता राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई स्थानों पर मलबा और पत्थर गिरने से यातायात बार-बार बाधित हो रहा है। प्रशासन मार्ग को सुचारु रखने में जुटा है, लेकिन लगातार बारिश के कारण स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है।
प्राथमिक विद्यालय ढिलाणा के आसपास भूमि कटाव से भवन खतरे की जद में आ गया है। ग्रामीणों ने विद्यालय का तकनीकी निरीक्षण, सुरक्षा दीवार निर्माण और भू-संरक्षण कार्य जल्द शुरू करने की मांग की है। वहीं ताला तोक क्षेत्र में भू-धंसाव सक्रिय होने से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को राहत एवं सुरक्षात्मक कार्यों में तेजी लाने और कुण्ड–चोपता राष्ट्रीय राजमार्ग को शीघ्र सुरक्षित एवं सुचारु बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।
