जवाड़ी-दरमोला मोटर मार्ग की बदहाल स्थिति पर फूटा जनाक्रोश, तीन दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

रुद्रप्रयाग। जवाड़ी-दरमोला मोटर मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर भरदार पट्टी के प्रतिनिधिमंडल ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिशासी अभियंता से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि भारत कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा पिछले ढाई वर्षों से क्षेत्र में क्रेशर संचालन और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि कंपनी की ओर से सड़क क्षति के संबंध में गोविंद डंगवाल के क्रेशर संचालन का हवाला दिया गया। इस पर अधिशासी अभियंता ने तत्काल कंपनी के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर सड़क की खराब स्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि सड़क मरम्मत का एस्टीमेट कंपनी को भेजा जा रहा है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

अधिशासी अभियंता ने प्रतिनिधिमंडल को तीन दिनों के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस पर प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में कंपनी के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं हुई और मोटर मार्ग की मरम्मत शुरू नहीं कराई गई, तो तीन दिन बाद जन आंदोलन शुरू किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और कंपनी की होगी।

इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता जगदंबा नौटियाल, कांग्रेस प्रदेश सचिव लक्ष्मण सिंह रावत, युवा कांग्रेस नेता आकाश कप्रवाण, मनमोहन कप्रवाण, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष आशीष कप्रवाण, संजय कप्रवाण सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *