नई टिहरी। जिला मुख्यालय के समीप प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को अन्य स्थान पर स्थापित किए जाने की चर्चाओं के विरोध में शुक्रवार को नई टिहरी में लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त समिति के नेतृत्व में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने जन आक्रोश रैली निकालकर कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया और मेडिकल कॉलेज को मूल स्थान पर ही स्थापित करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मेडिकल कॉलेज के निर्माण की प्रक्रिया लंबे समय से जिला मुख्यालय के समीप चल रही थी, जिससे क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना जनसहमति के कॉलेज को अन्यत्र स्थापित करने की तैयारी की जा रही है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द इस संबंध में स्पष्ट निर्णय लेकर मेडिकल कॉलेज को यथावत स्थापित नहीं किया, तो व्यापक जन आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस दौरान जनप्रतिनिधि, व्यापारी, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
