मुख्यमंत्री धामी ने जन समस्याएं सुन अधिकारियों को त्वरित समाधान के दिए निर्देश

 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जन शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री कार्यालय, गढ़वाल आयुक्त एवं आईजी गढ़वाल को जन शिकायतों के निस्तारण में प्राथमिकता के साथ कार्रवाई करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो तथा संबंधित लोगों को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से भेंट कर इस वर्ष की केदारनाथ एवं चारधाम यात्रा के सफल और सुरक्षित संचालन के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यात्रा व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी और प्रभावी प्रबंधन से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।

विधायक भूपाल राम टम्टा ने भी प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात कर बुग्याल क्षेत्रों से जुड़े विषयों पर स्थानीय हितों को प्राथमिकता देने के लिए राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बुग्याल प्रदेश की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक धरोहर हैं और इनसे स्थानीय लोगों की आजीविका तथा पर्यटन गतिविधियां जुड़ी हुई हैं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन विकास और स्थानीय रोजगार के बीच संतुलन स्थापित करने की दिशा में सरकार के प्रयासों की प्रशंसा की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता जन समस्याओं का समयबद्ध समाधान और प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र का संतुलित विकास है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि स्थानीय हितों, पर्यावरण संरक्षण और विकास के बीच बेहतर समन्वय से पर्वतीय क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *