गोपेश्वर। निजुमला-बिरही मोटर मार्ग पर सड़क सुरक्षा के लिए बनाए जा रहे क्रॉस बैरियर का निर्माण कार्य एक साल बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। तीन करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले इस कार्य के बावजूद मार्ग के कई हिस्सों में बैरियर अधूरे पड़े हैं। वहीं, कुछ स्थानों पर बनाए गए बैरियर क्षतिग्रस्त होकर दुर्घटना को न्योता दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कई स्थानों पर बैरियर टूटने से कंक्रीट और सरिये सड़क की ओर निकल आए हैं। इससे मार्ग पर आवाजाही करने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर रात के समय अधूरे और क्षतिग्रस्त बैरियर हादसे का कारण बन सकते हैं।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि मार्ग के कई हिस्सों में बैरियर अचानक समाप्त हो जाते हैं। खराब मौसम और रात के समय वाहन चालकों के लिए यह स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है।
स्थानीय निवासी भरत राणा ने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्य में इस तरह की लापरवाही गंभीर चिंता का विषय है। यदि क्षतिग्रस्त बैरियरों की मरम्मत और अधूरे निर्माण कार्य को जल्द पूरा नहीं किया गया तो मार्ग पर दुर्घटना का खतरा बना रहेगा।
क्षेत्रवासियों ने लोक निर्माण विभाग से निजुमला-बिरही मोटर मार्ग पर निर्मित सभी क्रॉस बैरियरों का स्थलीय निरीक्षण कराने, निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच करने तथा अधूरे और क्षतिग्रस्त बैरियरों को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग की है।
