देहरादून में 9 से 17 अगस्त तक चलेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, हर विधानसभा में निकलेगी तिरंगा रैली

 

मुख्य बाजारों और शॉपिंग मॉल में लगेंगी तिरंगा प्रदर्शनी, स्कूल-कॉलेज और सरकारी कार्यालय तिरंगा थीम पर होंगे रोशन

 

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्र गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए देहरादून जिले में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 9 से 17 अगस्त तक विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के माध्यम से लोगों को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता की भावना से जोड़ने के साथ स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्र उत्सव के रूप में मनाया जाएगा।

 

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जिलेवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, गौरव और एकजुटता की भावना को अभिव्यक्त करने का अवसर भी है। उन्होंने लोगों से पूरे उत्साह के साथ अभियान में शामिल होकर स्वतंत्रता दिवस को भव्य और यादगार बनाने का आह्वान किया।

 

हर विधानसभा क्षेत्र में निकलेगी तिरंगा रैली

 

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि अभियान के तहत जिले की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा रैली आयोजित की जाएगी। विद्यालयों और महाविद्यालयों में तिरंगा थीम पर रंगोली समेत विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम होंगे।

 

उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के साथ ही मुख्य बाजारों और प्रमुख शॉपिंग मॉल में तिरंगा प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को अभियान से जोड़ना और स्वतंत्रता दिवस के प्रति उत्साह का माहौल तैयार करना है।

 

9 अगस्त को तिरंगा साइकिल और बाइक रैली

 

जिला स्तर पर पर्यटन विभाग की ओर से 9 अगस्त को तिरंगा साइकिल रैली और तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा। रैलियों के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जाएगा।

 

तिरंगा थीम पर होगी विद्युत सज्जा

 

स्वतंत्रता दिवस से पहले जिले के सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों और महाविद्यालयों को तिरंगा थीम पर आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया जाएगा। इससे शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वतंत्रता दिवस के उत्सव का माहौल और अधिक जीवंत एवं आकर्षक नजर आएगा।

 

घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने की अपील

 

जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की है। प्रशासन ने लोगों से अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने के साथ देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया है।

 

प्रशासन का कहना है कि सामूहिक सहभागिता के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस को एकता, गौरव और देशभक्ति के उत्सव के रूप में मनाने का संदेश पूरे जिले में पहुंचाया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *