चमोली में भव्य होगा स्वतंत्रता दिवस समारोह, डीएम गौरव कुमार ने अधिकारियों को दिए ये खास निर्देश

चमोली/गोपेश्वर। स्वतंत्रता दिवस के आयोजन को भव्य, गरिमामय और राष्ट्रभक्ति के माहौल में संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को जिला सभागार गोपेश्वर में जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में 15 अगस्त को होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई और संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए गए।

सरकारी कार्यालयों और स्कूलों में होगा ध्वजारोहण

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव का पर्व है। इस अवसर पर सभी सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक भवनों में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान तथा राष्ट्रीय ध्वज संहिता का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस के सभी कार्यक्रम पूरे उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ आयोजित किए जाएं। कार्यक्रमों के दौरान व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए।

15 अगस्त को निकलेगी प्रभात फेरी

बैठक में विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां तय की गईं। जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को 15 अगस्त की सुबह प्रभात फेरी आयोजित करने के निर्देश दिए।

वहीं वन विभाग और ग्राम्य विकास विभाग को जनपदभर में जल संरक्षण एवं जल संवर्धन को लेकर जनजागरूकता और श्रमदान कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया।

इसके साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और राज्य आंदोलनकारियों के उत्तराधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मानपूर्वक आमंत्रित करने के निर्देश भी दिए गए।

14 अगस्त को होगी क्रॉस कंट्री रेस

जिलाधिकारी ने क्रीड़ा विभाग को 14 अगस्त को क्रॉस कंट्री रेस आयोजित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस से पहले और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलेभर में विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जाए।

इस अभियान के तहत सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य, व्यवस्थित और गरिमामय बनाने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *