चमोली। उत्तराखंड राज्य सूचना आयोग के सूचना आयुक्त दलीप सिंह कुंवर की अध्यक्षता में आज जिला सभागार, चमोली में जनपद स्तरीय लोक सूचना अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सूचना के अधिकार (RTI) अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन, व्यवस्था में पारदर्शिता व जवाबदेही को मजबूत बनाने और लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए सूचना आयुक्त दलीप सिंह कुंवर ने कहा कि आयोग का मूल उद्देश्य सूचना का अधिकार आमजन तक पहुंचाना है। शासन व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सूचनाओं का समयबद्ध एवं सरल रूप से उपलब्ध होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी लोक सूचना अधिकारियों से पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की अपील की। साथ ही उन्होंने सचेत किया कि यदि सूचना उपलब्ध होने के बावजूद समय पर प्रदान नहीं की गई, तो नियमानुसार सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
सूचना आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पीड़ित व्यक्तियों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाएं और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनें। उन्होंने कहा, “प्रथम अपीलीय अधिकारी स्वयं को पीड़ित की स्थिति में रखकर उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास करें।” इसके अलावा, उन्होंने आरटीआई के प्रभावी प्रसार के लिए जागरूकता कार्यक्रमों को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया ताकि आम नागरिक अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सकें।
लंबित मामलों को समाप्त करने के लिए सूचना आयुक्त ने अपीलीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि आरटीआई से संबंधित प्रकरणों की प्रत्येक 15 दिन में नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए। सूचनाओं को जिम्मेदारीपूर्वक उपलब्ध कराया जाए, जिससे प्रथम अपील स्तर पर ही अधिकांश मामलों का निस्तारण हो सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति सूचना के अधिकार अधिनियम का दुरुपयोग कर रहा है, तो संबंधित अपीलीय अधिकारी आवश्यक साक्ष्य संकलित कर सूचना आयोग को उपलब्ध कराएं। उन्होंने बैठक में वितरित की गई निर्देश-पुस्तिका का गंभीरता से अध्ययन करने की भी अपील की।
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के लोक सूचना अधिकारियों ने आरटीआई से संबंधित अपनी शंकाएं और व्यावहारिक कठिनाइयां सूचना आयुक्त के समक्ष रखीं, जिनका उन्होंने क्रमवार समाधान किया।
बैठक के समापन पर जिलाधिकारी गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने संयुक्त रूप से मुख्य अतिथि सूचना आयुक्त को मोमेंटो एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर डीएफओ सर्वेश दुबे, मुख्य कोषाधिकारी मामूर जहां, पीडी आनन्द सिंह, जिला शिक्षाधिकारी श्रीकांत पुरोहित सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
