नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन और विवेचनाओं की समीक्षा, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी नजर
टिहरी गढ़वाल। आगामी दशहरा, नवरात्र और रामलीला मंचन के मद्देनजर टिहरी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्वेता चौबे ने शनिवार को आयोजित समीक्षा बैठक में पुलिस अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, विवेचनाओं में तेजी लाने और त्योहारों के दौरान सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
बैठक में एसएसपी ने सभी थानाध्यक्षों और शाखा प्रभारियों को अपने कार्यों के प्रति जवाबदेह रहने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने को कहा। उन्होंने नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और लंबित विवेचनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई पर जोर दिया।
डिजिटल साक्ष्यों के संकलन पर जोर
एसएसपी ने एनसीएल डेटा को समय पर अपडेट रखने, ई-साक्ष्य पोर्टल पर SID को संबंधित एफआईआर से निर्धारित समयसीमा के भीतर लिंक करने और डिजिटल साक्ष्यों का सुरक्षित तरीके से संकलन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने 60 दिनों के भीतर निस्तारित होने वाले मामलों में बेहतर विवेचना करने वाले अधिकारियों की सराहना की। वहीं, 90 दिनों में निस्तारित होने वाले मामलों की विवेचना भी निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी करने को कहा।
उन्होंने संगीन अपराधों के घटनास्थल से चांस फिंगरप्रिंट सहित अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने और अज्ञात शवों की पहचान के लिए नियमानुसार फिंगरप्रिंट का मिलान कराने के निर्देश भी दिए।
दशहरा, नवरात्र और रामलीला के दौरान बढ़ेगी निगरानी
आगामी त्योहारों को देखते हुए एसएसपी ने संवेदनशील स्थलों पर निगरानी बढ़ाने, जुलूसों और झांकियों के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने को कहा। संभावित अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए भी जरूरी सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर नजर
एसएसपी श्वेता चौबे ने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी सूचना की तथ्यात्मक पुष्टि के बाद उसका तत्काल खंडन किया जाए, ताकि लोगों के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।
उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ सतर्कता बरतें और अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करें।
